सोनू चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी नमन गिरफ्तार,
हरिद्वार। गंगनहर क्षेत्र में हुए चर्चित सोनू चौहान हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य वांछित आरोपी नमन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पारिवारिक रंजिश के चलते अपने बड़े भाई के साले सोनू की चाकू से हत्या कर दी थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
मामला 6 नवंबर 2025 का है, जब मृतक की पत्नी ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया कि उसका पति सोनू दाह संस्कार में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था। तभी नमन और उसके साथी आशीष ने सोनू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल को तत्काल सरकारी अस्पताल रुड़की ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर जाल बिछाया और मुख्य आरोपी नमन को माधोपुर अंडरपास से दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू और कपड़े टीन के छप्पर से बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी नमन ने स्वीकार किया कि पिछले कई वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने मौका पाकर अपने भाई के साले सोनू चौहान की गला और छाती पर चाकू मारकर हत्या कर दी।
पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है, वहीं दूसरे फरार आरोपी आशीष की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।
आरोपी-नमन पुत्र रणधीर, निवासी पश्चिमी अंबर तालाब, रुड़की, जनपद हरिद्वार।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, नवीन कुमार, मनीष कवि, हेड कांस्टेबल संदीप, अलियास, कांस्टेबल रणवीर, प्रभाकर और चालक लाल सिंह।
