अंकिता भंडारी केस की CBI जांच की संस्तुति: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा निर्णय

बिग ब्रेकिंग देहरादून से है जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी प्रकरण की CBI जांच की संस्तुति कर दी है…

देहरादून, 9 जनवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी केस की सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया है। राज्य को झकझोरने वाले इस मामले में निकलकर आए आडियो वीडियो से सूबे की राजनीति भी गर्म बनी हुई थी और विपक्ष लगातार सरकार पर सीबीआई जांच का दबाव बना रहा था। पिछले दिनों अंकिता के माता-पिता ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर इसकी मांग की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया। अब वायरल हो रहे आडियो वीडियो सहित तमाम साक्ष्य सीबीआई जांच का हिस्सा होंगे। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है और किसी भी तथ्य या साक्ष्य की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अंकिता केवल एक पीड़ित नहीं थी, बल्कि वह हमारी भी बहन-बेटी थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में उन्होंने स्वयं स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की थी जिसमें बातचीत के दौरान उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराए जाने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अंकिता के माता-पिता के इस अनुरोध और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने इस प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार पहले भी न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी पूरी दृढ़ता एवं संवेदनशीलता के साथ स्वर्गीय बहन अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *