स्वदेशी चिंतन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ संपन्न हुआ स्वदेशी जागरण मंच का प्रांत विचार वर्ग।
देहरादून। स्वदेशी जागरण मंच, उत्तराखंड प्रांत द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘प्रांत विचार वर्ग’ (प्रशिक्षण शिविर) का रविवार को राजपुर रोड स्थित स्वामी रामतीर्थ आश्रम में सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वदेशी विचारधारा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान स्वदेशी विचारधारा, आत्मनिर्भर भारत, आर्थिक स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि देश की आर्थिक मजबूती के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और स्थानीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक अवधारणा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।
शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, जनजागरण अभियानों के संचालन तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वदेशी विचारों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए भविष्य में स्वदेशी आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संगठनात्मक दायित्वों की घोषणा करते हुए लोकेश कश्यप को स्वदेशी जागरण मंच हरिद्वार का जिला संयोजक, कपिल सैनी को स्वदेशी जागरण मंच युवा हरिद्वार का जिला संयोजक, शुभम उपाध्याय को महानगर संयोजक स्वदेशी जागरण मंच युवा हरिद्वार तथा सुषमा मिश्रा को विभाग महिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
स्वदेशी जागरण मंच के विभाग सहसंयोजक स्वतंत्र सैनी ने बताया कि स्वामी रामतीर्थ आश्रम के आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित इस विचार वर्ग ने कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं सामाजिक स्तर पर नई ऊर्जा प्रदान की।
