कुंभ की तैयारी तेज, फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार।
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के साथ ही पुलिस ने मध्यरात्रि फायरिंग मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भगत सिंह चौक और ऋषिकुल क्षेत्र में निर्माणाधीन फुटपाथ का तकनीकी निरीक्षण किया गया। मेला अधिकारी सोनिका के निर्देशन में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र और तकनीकी टीम ने फुटपाथ के अलावा साक्षी सतनाम घाट व अमरापुर घाट क्षेत्र के कार्यों की भी जांच की। विशेष समन्वयक अधिकारी कुंभ मेला गंगा प्रसाद पंत ने निर्माण कार्यों का विवरण दर्शाने वाला बोर्ड तत्काल लगाने तथा फुटपाथ का एलाइनमेंट मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और कार्य समयबद्ध पूरा करने पर जोर दिया।
उधर, कोतवाली नगर पुलिस ने 19 सितंबर की मध्यरात्रि हुई फायरिंग का खुलासा करते हुए वांछित आरोपी कबीर (22) निवासी गंगा आर्यनगर जलालाबाद, शामली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मायापुर निवासी महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि लक्की और उसके साथी कबीर ने उनकी बहू पर फायरिंग की, जिसमें वह घायल हुई थी। मामले की जांच के लिए गठित टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को 22 सितंबर को टंकी नंबर-6 बस्ती जाने वाले रास्ते पर जल संस्थान की टंकी के पास से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त UP19X2941 नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।


