‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संदेश के साथ 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारं
हरिद्वार, 9 सितंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग और आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विकास भवन, रोशनाबाद में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका, महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम और सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल डेवलपमेंट (IGD) और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की डॉ. सिमरनजीत कौर, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, किशोरियों और माताओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मंच संचालन जिला प्रशासनिक अधिकारी संतोष रावत ने किया।

इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। कार्यक्रम में ‘गरम भोजन, विविध आहार—पोषण का बेहतर आधार’ का संदेश देते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग पर भी जोर दिया गया।
किशोरियों में पोषण और एनीमिया की रोकथाम के लिए ‘तेजस्विनी टॉक’ के माध्यम से जागरूकता संवाद आयोजित किया गया। ‘गुड़ चना खाओ, एनीमिया भगाओ’ और ‘गुड़-चना का आहार, रोगों पर करे प्रहार’ जैसे संदेशों के जरिए आयरन युक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न पोषण स्टॉल लगाए। इनमें स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों से तैयार व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर खाद्य सामग्री के पोषण महत्व की जानकारी ली।
आईटीसी मिशन सुनहरा कल के तहत IGD ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। वहीं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से स्थापित कम्युनिटी लाइब्रेरी का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी ने किया। लाइब्रेरी का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत और सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। माताओं को गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण, स्तनपान, शिशु देखभाल और बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार देने के संबंध में जानकारी दी गई। किशोरियों को पोषण किट और छाते भी वितरित किए गए।



आईटीसी मिशन सुनहरा कल के तहत IGD ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। वहीं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से स्थापित कम्युनिटी लाइब्रेरी का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी ने किया। लाइब्रेरी का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत और सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देना है।