देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण विकास योजनाओं और आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यों के लिए 188.90 करोड़ रुपये की लागत की स्वीकृतियां प्रदान की हैं।

प्रमुख सड़क और अवसंरचना परियोजनाएं

मुख्यमंत्री द्वारा राज्य योजना के तहत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनमें शामिल हैं:

  • नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में गर्जिया-बेतालघाट-खैरना मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य हेतु 997.61 लाख रुपये।
  • देहरादून के विकासनगर में नवाबगढ़ पुल से खादर तक मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए 312.55 लाख रुपये।
  • कुम्भ मेला-2027 के तहत हरिद्वार में हरकीपैड़ी से ललतारो सेतु तक गलियों के सुधार और सौन्दर्यीकरण कार्य हेतु 925.94 लाख रुपये।
  • उधम सिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-किच्छा मोटर मार्ग को दो लेन से चार लेन में बदलने की योजना के लिए 8063.13 लाख रुपये।

शहरी विकास और स्वच्छता मिशन

शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए निम्नलिखित स्वीकृतियां दी गई हैं:

  • नगर निगम रूद्रपुर में स्मार्ट वेंडिंग जोन के निर्माण कार्य हेतु 255 लाख रुपये की धनराशि।
  • स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अन्तर्गत 7 नगर निकायों में कार्यों हेतु 408.94 लाख रुपये की धनराशि।
  • शहरी विकास विभाग के अन्तर्गत 11 नगर निकायों में पार्कों के सौंदर्यीकरण हेतु 597.10 लाख रुपये की धनराशि।

आपदा प्रबंधन हेतु धनराशि जारी

मुख्यमंत्री द्वारा राज्य आपदा मोचन निधि से विभिन्न जनपदों को 73.30 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने की भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

  • चमोली: पुनर्प्राप्ति, पुनर्निर्माण, राहत और बचाव हेतु कुल 8 करोड़ रुपये।
  • नैनीताल: पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण मद में 25 करोड़ रुपये।
  • उत्तरकाशी: पुनर्प्राप्ति, पुनर्निर्माण, राहत और बचाव हेतु कुल 38 करोड़ रुपये।
  • चंपावत: राहत एवं बचाव मद में 2.30 करोड़ रुपये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *