हरिद्वार जनपद में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिले में सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार को तहसील भगवानपुर के ग्राम शहीदवाला ग्रांट में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया।
उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेन्द्र सिंह नेगी ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून निवासी श्रीमती नसीम बानो, पत्नी श्री इकबाल हसन द्वारा ग्राम शहीदवाला ग्रांट की 0.0120 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अवैध रूप से एक मजार का निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था। प्रशासन द्वारा इस अवैध कब्जे की जांच कर सत्यापन के बाद संबंधित व्यक्ति को विधिवत रूप से नोटिस जारी किया गया था।
नोटिस जारी होने के बाद भी अतिक्रमण को लेकर मामले की गंभीरता बनी रही। प्रशासन की सख्त चेतावनी और कानूनी कार्रवाई की तैयारी को देखते हुए अंततः आज 4 दिसंबर 2025 को राजस्व विभाग की टीम की उपस्थिति में संबंधित महिला द्वारा स्वयं ही अवैध निर्माण को हटाया गया। टीम ने मौके पर मौजूद रहकर यह सुनिश्चित किया कि कब्जा पूरी तरह हटाया जाए और भूमि को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।
अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार जिले में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्ज़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी तहसीलों और विभागों को लगातार निगरानी करने तथा अवैध निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी भूमि सार्वजनिक संपत्ति है और इस पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण कानूनन दंडनीय है।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि अतिक्रमण के मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए बताया कि ऐसे कदम से क्षेत्र में शांति, व्यवस्था और कानून का अनुपालन सुनिश्चित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *