हरिद्वार। विश्व दिव्यांग दिवस पर समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के उत्कृष्ट दिव्यांगजन, दक्ष कर्मचारी, प्रतिभाशाली खिलाड़ी और सफल स्वरोजगारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि धामी सरकार ने विगत चार वर्षों में दिव्यांगजन हित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए समाज के इस महत्वपूर्ण वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कदम उठाए हैं।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ आज प्रदेश के लाखों दिव्यांगजन उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग भाई-बहनों ने अपनी प्रतिभा, लगन, परिश्रम और कभी हार न मानने वाले साहस के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में राज्य का नाम गर्व से ऊँचा किया है। सरकार का उद्देश्य है कि ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग और सुविधाएं प्रदान की जाएँ।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 97,214 लाभार्थियों को नवंबर 2025 तक नियमित रूप से पेंशन दी गई, जिस पर 108.85 करोड़ रुपये खर्च किए गए। पेंशन योजनाओं को और सुगम बनाने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है, जिससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
इसी वित्तीय वर्ष में दिव्यांगजन आयुक्त कार्यालय, आईटी सेल और बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम, देहरादून के नए भवन का निर्माण 351.09 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। वहीं दिव्यांगजन को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार की राशि वर्ष 2023-24 से बढ़ाकर 5000 से 8000 रुपये कर दी गई है।
सहायक उपकरणों और कृत्रिम अंगों की धनराशि भी 3500 रुपये से बढ़ाकर 7000 रुपये कर दी गई है। सभी जिलों में विशेष शिविर आयोजित कर दिव्यांगजन को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में प्रदेशभर में 994 शिविर लगाए गए, जिनमें 18,280 सहायक उपकरण/कृत्रिम अंग वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 655/2024 के तहत दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा व अन्य उच्चस्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए हल्द्वानी स्थित राजकीय दिव्यांग प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र में कंप्यूटर, ब्रेल की-बोर्ड और वॉइस बॉक्स की व्यवस्था पूरी कर दी गई है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा, “दिव्यांगजन हमारे समाज की शक्ति हैं। हमारा दायित्व है कि हम उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन दें और उन्हें सम्मानजनक, सुगम एवं समान अवसर वाला वातावरण उपलब्ध कराएं।” उन्होंने कहा कि धामी सरकार समय-समय पर उत्कृष्ट पैरा खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाती रही है और आगे भी ऐसे प्रयास सतत जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *