सददाम हुसैन
हरिद्वार। पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई, जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण किया। पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के CSR कार्यक्रम के अंतर्गत विकसित इस लैब ने विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा की दिशा में नए आयाम खोल दिए हैं।
नव-निर्मित लैब में पूर्ण संरचनात्मक सुधार, मरम्मत कार्य व फर्श का नवीनीकरण किया गया है। साथ ही 10 नवीन कंप्यूटर, CPU, UPS, दो एसी, डिजिटल लर्निंग इक्यूपमेंट और आवश्यक तकनीकी संसाधनों को स्थापित कर सुविधा को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। यह पहल न केवल विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को उन्नत करेगी, बल्कि उन्हें भविष्य की तकनीक से जोड़ने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एएसपी/सीओ ज्वालापुर जितेंद्र चौधरी, एएसपी/सीओ लाइन निशा यादव, आर.आई. लाइन प्रवीण आलोक तथा उपनिरीक्षक धर्मेंद्र भंडारी (पर्यवेक्षक, पुलिस मॉडर्न स्कूल) उपस्थित रहे।
पैनासोनिक टीम से HR हेड सौरभ गुप्ता, मनीष गुप्ता, त्रिपुरारी राय और अन्य सदस्य मौजूद रहे। इसके साथ ही सेंट्रल हिमालयन रूरल एक्शन ग्रुप (चिराग) से डायरेक्टर बी.एस. मेहरा, टीम लीडर संजय जोशी और उनकी टीम के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
एसएसपी डोबाल ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए बच्चों की डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में इस योगदान के लिए पैनासोनिक टीम का आभार जताया। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए। डोबाल ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह लैब विद्यार्थियों के लिए ‘नई उड़ान’ की तरह है, जो उनके तकनीकी ज्ञान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रबंधन, पुलिस अधिकारियों और उपस्थित टीमों ने इस पहल को शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम बताया। उपस्थितजनों में ASP लाइन निशा यादव, ASP सदर जितेंद्र चौधरी सहित पुलिस विभाग व स्कूल के अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे
