सददाम हुसैन।
वेलकम फार्म हाउस मिस्सरपुर में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी उत्तराखंड राज्य के निर्माता थे और वे जो कहते थे, उसे करके दिखाते थे।
सुनील सैनी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड की जनता से वादा किया था कि केंद्र में उनकी सरकार बनने पर उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा और उन्होंने अपने इस वचन को पूरा कर इतिहास रच दिया। उन्होंने न केवल उत्तराखंड राज्य का गठन किया, बल्कि विशेष राज्य का दर्जा और आर्थिक पैकेज देकर राज्य की मजबूत नींव रखी, जबकि उस समय उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार थी। यह अटल जी की दूरदर्शिता और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाली सोच का परिचायक है।
राज्य मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करते थे। सत्ता में रहते हुए भी उन्होंने संसद, विपक्ष और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया, जिससे लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हुईं। वे लोकतांत्रिक मूल्यों के सच्चे संवाहक थे और उन्होंने राजनीति में उदार राष्ट्रवाद का उदाहरण प्रस्तुत किया। अटल जी ने सफल गठबंधन की नींव रखी और उसे पूरी निष्ठा से निभाया।
उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षणों का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मसम्मान से भरे राष्ट्र के रूप में नई पहचान मिली। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और कूटनीति के बीच संतुलन स्थापित कर भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को मजबूत किया। सुनील सैनी ने अटल जी के विचार को दोहराते हुए कहा—“सपने वे नहीं जो हम सोते समय देखते हैं, सपने वे हैं जो हमें सोने नहीं देते।”
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने राष्ट्र और समाज को नई दिशा और दशा दी। उनके द्वारा कल्पित भारत आज उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और देश विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। अटल जी ने उत्तराखंड का निर्माण किया और आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में पूज्य स्वामी यति शिवानंद जी, हरिद्वार सह प्रभारी दीपक धमीजा, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे
