हरिद्वार। सददाम हुसैन।
वर्ष 2025 के आखिरी दिन हरिद्वार पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए सराहनीय कार्य किया है। एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन रिकवरी” के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने करीब ₹50 लाख से अधिक बाजार मूल्य के कुल 126 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए। लंबे समय से मोबाइल वापसी की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर इस कार्रवाई से फिर मुस्कान लौट आई।
हरिद्वार पुलिस न केवल अपराध और नशा तस्करी पर सख्ती से लगाम कस रही है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें राहत पहुंचाने में भी लगातार प्रशंसा अर्जित कर रही है। मोबाइल फोन आज के समय में केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि रोजगार, बैंकिंग, शिक्षा और निजी जानकारी का अहम माध्यम बन चुका है। ऐसे में मोबाइल खो जाने से लोगों को भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशन में “ऑपरेशन रिकवरी” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस टीम ने भारत सरकार के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से न केवल उत्तराखंड, बल्कि अन्य राज्यों और कुछ मामलों में विदेश तक से खोए मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।
ताजा कार्रवाई में सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के कुल 126 मोबाइल फोन रिकवर किए गए। इन मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, रियलमी, एमआई, नथिंग और आईक्यू जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत ₹50 लाख से अधिक आंकी गई है।
मोबाइल पाकर लोगों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया और कहा कि मोबाइल खोने के बाद उन्हें दोबारा मिलने की उम्मीद नहीं थी। पुलिस की इस पहल से आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।
इस सफल कार्रवाई में ASP निशा यादव (IPS), थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, SSI देवेंद्र तोमर, हेड कांस्टेबल विवेक यादव, हेड कांस्टेबल देवेंद्र चौधरी तथा महिला कांस्टेबल निधि की अहम भूमिका रही। हरिद्वार पुलिस की यह कार्रवाई निस्संदेह वर्ष 2025 के अंत में जनता के लिए एक यादगार और सराहनीय “स्पेशल गिफ्ट” साबित हुई है।
