आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: जिलेभर में 62 अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमे दर्ज

आज, साल के पहले दिन, हरिद्वार पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। जिले भर में संगठित अपराध और आदतन अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 62 अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के इस सख्त कदम से अपराधियों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम जनता ने इस साहसिक कार्रवाई का दिल खोलकर स्वागत किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में लंबे समय से सक्रिय कई संगठित गिरोहों की गतिविधियों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही थी। नए साल के अवसर पर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से इन गिरोहों पर यह प्रभावी सर्जिकल स्ट्राइक की गई। कई गिरोहों के सरगना समेत उनके सभी सदस्य फिलहाल पुलिस के रडार पर हैं और उनकी आपराधिक कुंडलियां खंगाली जा रही हैं। आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है, जिससे अपराध जगत में भूचाल आ सकता है।

थानावार दर्ज किए गए मुकदमे:

  • श्यामपुर: 3 अभियुक्त
  • कनखल: 6 अभियुक्त
  • ज्वालापुर: 2 अभियुक्त
  • रानीपुर: 4 अभियुक्त
  • सिडकुल: 5 अभियुक्त
  • बहादराबाद: 7 अभियुक्त
  • कलियर: 1 अभियुक्त
  • रुड़की: 3 अभियुक्त
  • गंगनहर: 3 अभियुक्त
  • पथरी: 5 अभियुक्त
  • लक्सर: 7 अभियुक्त
  • मंगलौर: 8 अभियुक्त
  • भगवानपुर: 6 अभियुक्त
  • बुग्गावाला: 2 अभियुक्त

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे तथा भयमुक्त वातावरण का निर्माण हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *