बारिश बनी काल! नाले के तेज बहाव में बही छह वर्षीय मासूम, रातभर पुलिस-SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन।

हरिद्वार। भारी बारिश के बीच सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में दर्दनाक हादसा सामने आया। कृपाल स्कूल के पास पुलिया के नजदीक खेल रही दो बालिकाएं अचानक नाले में आए तेज पानी की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सात वर्षीय हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह वर्षीय विदिशा तेज बहाव में बह गई। मासूम की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को भारी बारिश के दौरान दोनों बालिकाएं पुलिया के पास खेल रही थीं। इसी दौरान नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से हिमानी को सकुशल बाहर निकाल लिया।

वहीं, छह वर्षीय विदिशा पुत्री गौतम कुमार निवासी फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, बिजनौर, हाल निवासी कृपाल स्कूल के पास रावली महदूद, पानी के तेज बहाव में बह गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रात से ही नाले के आसपास संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ कर्मी उपलब्ध संसाधनों के साथ मासूम को तलाशने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *