मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराजा अग्रसेन अग्रवाल आश्रम के 50वें स्थापना दिवस पर नए भवन का किया लोकार्पण
हरिद्वार, 13 अप्रैल 2025- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज महाराजा अग्रसेन अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट के 50वें स्थापना दिवस कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर नवनिर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्रकुल प्रवर्तक, परम प्रतापी, सेवा एवं समर्पण के प्रतीक महाराजा अग्रसेन को नमन करते हुए महाराजा अग्रसेन अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट को अपनी 50 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट पिछले 50 वर्षों से समाज सेवा, धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण से जुड़े कार्यों को समर्पित भाव से निरंतर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्मित भवन, जिसमें भव्य सत्संग भवन और घाट हैं, न केवल आध्यात्मिक साधना का एक प्रमुख केंद्र बनेगा बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत करेगा। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्रस्ट हरिद्वार के साथ-साथ वृंदावन में भी एक अत्याधुनिक भवन और सत्संग हॉल का सफल संचालन कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अनेक लोग ट्रस्ट के संचालन में अपना योगदान दे रहे हैं और अयोध्या में भी ट्रस्ट द्वारा आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आश्रम का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट से जुड़े सभी पदाधिकारियों, सहयोगियों और दानदाताओं को साधुवाद देते हुए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन भारतीय समाज के एक ऐसे आदर्श नायक थे, जिनका संपूर्ण जीवन जन सेवा, सत्कर्म और समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा समाज के हित को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याण के लिए कार्य किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराजा अग्रसेन के ‘एक ईंट-एक रुपया’ के मंत्र को न केवल आर्थिक सहयोग का प्रतीक बताया बल्कि सामाजिक एकता, समानता, सामूहिक उत्तरदायित्व और समरसता का एक जीवंत उदाहरण भी कहा। उन्होंने कहा कि महाराज के आदर्शों को आधार बनाकर अग्रवाल समाज ने हमेशा निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने नेपाल में भी सेवा कार्यों को बढ़ाने के प्रयासों को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज ने प्रत्येक संकट में, चाहे कोविड का समय हो, केदारनाथ त्रासदी हो या कोई अन्य आपदा, हमेशा बढ़-चढ़कर काम किया है। उन्होंने कोविड काल के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में कम संसाधनों और स्वास्थ्य सुविधाओं के बावजूद पूरी दुनिया में सबसे पहले इस महामारी पर नियंत्रण पाया। उन्होंने कहा कि जहां जैसी आवश्यकता थी, उन आवश्यकताओं की पूर्ति की गई और दो-दो स्वदेशी वैक्सीन बनाकर दुनिया के पिछड़े देशों को भी दी गईं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक ओर जहां सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य किया जा रहा है, वहीं लोकल फॉर वोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी अनेक पहलों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उनकी सरकार ने राज्य में अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं और नीतियों को सफलतापूर्वक लागू किया है, जिससे राज्य का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने बताया कि आज उनका राज्य ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में अचीवर्स और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी में आ गया है। उन्होंने यह भी बताया कि नीति आयोग की वर्ष 2023-24 की एसडीजी इंडेक्स रिपोर्ट में सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने में उत्तराखंड को देश में पहला स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनका राज्य युवाओं को रोजगार देने में भी अग्रणी राज्य बनकर उभरा है और उन्होंने एक वर्ष में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिन्हें पूर्व की सरकारों ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के चलते ठंडे बस्ते में डाल दिया था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने देश में सबसे पहले ‘समान नागरिक संहिता’ को लागू करने का ऐतिहासिक कार्य किया है और प्रदेश में देश का सबसे प्रभावी नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड में पिछले 3 वर्षों में लगभग 22 हजार से अधिक युवाओं ने सरकारी नौकरियां पाने में सफलता प्राप्त की है और भर्तियां भ्रष्टाचार एवं विवादों से परे रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के प्रति भी पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है और इसी संकल्प के साथ प्रदेश में लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी घृणित मानसिकताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है, साथ ही प्रदेश में एक सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून भी लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक ऐसा राज्य है जहां पर राज्य की कुल जनसंख्या से लगभग 10 गुना लोग घूमने के लिए आते हैं, इसलिए आने वाले व्यक्तियों की संख्या के आधार पर ही विभिन्न अवस्थापना एवं विकास सुविधाओं हेतु नीति आयोग में प्रमुखता से बात रखी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार हरिद्वार के विकास के प्रति भी पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है और हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर के विकास को संवाद के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी 50-60 वर्षों की आवश्यकताओं का आकलन कर एक मास्टर प्लान के तहत समग्र विकास सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में कुछ विघटनकारी तत्वों द्वारा अपने राजनीतिक स्वार्थों के चलते समाज को क्षेत्रवाद और जातिवाद के नाम पर बांटने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि उनके जीते जी उत्तराखंड की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता पर किसी भी प्रकार की आंच नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को देश का ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प” को साकार करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विधायक मदन कौशिक द्वारा भी सभी को बैशाखी पर्व की बधाई देते हुए अपने-अपने विचार रखे गए।
इस दौरान पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी, सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद सोनीपत सतपाल ब्रह्मचारी, महापौर किरण जैसल, महाराजा अग्रसेन आश्रम ट्रस्ट के प्रधान गणपत लाल गोयल, महामंत्री दिवान चंद गुप्ता, कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता, कुलपति महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी डॉ. नन्द किशोर गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल, मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह, उपाध्यक्ष उत्तराखंड पारिस्थितिकीय पर्यटन सलाहकार परिषद ओम प्रकाश जमदग्नि, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, सीएमओ आरके सिंह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर तालियान, एसपी जितेंद्र मेहरा, पंकज गैरोला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।