रुड़की (दैनिक ग्रामीण तहकीकात)। प्रेस क्लब रुड़की (पंजी.) के आगामी वार्षिक चुनाव को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के कर्मठ एवं सक्रिय प्रत्याशी सुनील पटेल ने पत्रकार हितों को केंद्र में रखते हुए अपनी चुनावी घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। उनके घोषणा पत्र ने पत्रकारों के बीच नई उम्मीद और चर्चा को जन्म दिया है।
सुनील पटेल ने कहा कि यदि उन्हें प्रेस क्लब की सेवा का अवसर मिलता है तो वे सबसे पहले पत्रकारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कंप्यूटर लैब की स्थापना कराएंगे, जिससे पत्रकार तकनीकी रूप से सशक्त हो सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से जरूरतमंद पत्रकारों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए ठोस प्रयास करने की बात कही। साथ ही मान्यता प्राप्त पत्रकारों की तर्ज पर सभी पत्रकारों को मासिक भत्ता दिलाने, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना लागू कराने और दुर्घटना बीमा की व्यवस्था कराने का संकल्प लिया।
घोषणापत्र में उन्होंने पत्रकारों को सरकारी कर्मचारियों की भांति चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, उनकी सुरक्षा के लिए सख्त और प्रभावी कानून बनाए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया है। इसके अलावा वर्ष में चार प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर पत्रकारों को नई तकनीक, कानून और बदलते मीडिया परिदृश्य से अपडेट रखने का वादा भी किया है।
सुनील पटेल ने यह भी कहा कि पत्रकारों के उत्पीड़न या शोषण के मामलों में प्रेस क्लब के माध्यम से उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी पत्रकार खुद को असहाय न महसूस करे। उन्होंने प्रेस क्लब के सभी सम्मानित सदस्यों से अपील की कि वे एकजुट होकर उन्हें सेवा का अवसर दें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद उनका उद्देश्य केवल पद नहीं, बल्कि पत्रकारिता के स्तर को ऊंचा उठाना और पत्रकारों की समस्याओं का स्थायी समाधान करना होगा। चुनावी मैदान में सुनील पटेल की इन घोषणाओं से मुकाबला और रोचक होता नजर आ रहा है।
