सददाम हुसैन।
तीर्थनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर, क्लीन एवं मॉडल जनपद बनाने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन द्वारा विगत एक माह दस दिन से निरंतर व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। नगर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण अंचलों, कस्बों एवं प्रमुख सड़क मार्गों तक नियमित रूप से साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं इसकी निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित इस विशेष स्वच्छता अभियान का उद्देश्य जनपद हरिद्वार को न केवल स्वच्छ और सुंदर बनाना है, बल्कि इसे एक आदर्श एवं मॉडल जनपद के रूप में विकसित करना भी है। प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि सफाई व्यवस्था को स्थायी रूप दिया जा सके।
बीएचईएल क्षेत्र में भी चल रहा है सफाई अभियान
नगर प्रशासक एवं संपदा अधिकारी बीएचईएल संजय पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीएचईएल टाउनशिप प्रशासन द्वारा कोतवाली रानीपुर से टिहरी विस्थापित रोड, शास्त्री मार्ग पर बीएचईएल स्टेडियम के समीप, बैरियर नंबर-1 तथा पीठ मार्केट के पास टीबड़ी कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है। बीएचईएल क्षेत्र में झाड़ू लगाना, कूड़ा उठान और नालियों की सफाई निरंतर की जा रही है।
लोक निर्माण विभाग ने भी संभाली मोर्चा
लोक निर्माण विभाग हरिद्वार के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा अलावलपुर पीतपुर से डेराकरल मोटर मार्ग पर झाड़ी कटान के साथ-साथ साफ-सफाई का कार्य कराया गया है। सड़क किनारे फैली गंदगी को हटाकर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाया गया है।
खंड विकास अधिकारियों की सक्रिय भूमिका
खंड विकास अधिकारी खानपुर ने अवगत कराया कि खानपुर विकासखंड के अंतर्गत शाहपुर एवं हस्तौली गांवों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। वहीं खंड विकास अधिकारी रुड़की ने बताया कि रुड़की क्षेत्र में सड़क किनारे पड़े गोबर और कूड़े को जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से हटवाया गया तथा संबंधित क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *