हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमी” अभियान के तहत हरिद्वार में सिडकुल पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। नवोदय नगर क्षेत्र में बाबाओं का भेष धारण कर जादू-टोना, तंत्र-मंत्र और धोखाधड़ी का प्रयास कर रहे 12 बहरूपिए बाबाओं को पुलिस ने गश्त के दौरान हिरासत में लिया। ये लोग राहगीरों और श्रद्धालुओं को भ्रमित कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर सभी व्यक्तियों को रोका और उनसे बार-बार सामान्य गतिविधियों के लिए कहा, लेकिन वे लगातार लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उन्हें मौके से हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, ये सभी आरोपी बाबा के वेश में लोगों को विभिन्न तरह के झांसे देकर प्रभावित कर रहे थे, जो शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा था।
गिरफ्तार किए गए बहरूपिए
राकेश सिंह, राम सिंह, जितेंद्र, राजेंद्र, विजेंद्र सिंह, गुल्ली सिंह, बबली, ब्रजपाल, विनोद सिंह, संजय सिंह, करतार सिंह और असल सिंह—इन सभी को नवोदय नगर और आसपास के क्षेत्रों से पकड़ा गया। अधिकांश आरोपी सहारनपुर, बिजनौर तथा आसपास के जिलों के रहने वाले हैं और हरिद्वार में अस्थायी रूप से रहकर गतिविधियाँ कर रहे थे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इन व्यक्तियों की हरकतों से क्षेत्र में भय और अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। पुलिस की समय पर कार्रवाई से क्षेत्र में शांति सुनिश्चित हुई है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी
थाना प्रभारी नितेश शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र तोमर, हेड कांस्टेबल सुनील सैनी, हेड कांस्टेबल संजय तोमर और कांस्टेबल रोहित बरोड़िया ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
