सददाम हुसैन।
जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ललित नारायण मिश्र ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 34 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के लिए प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, सड़क, पेयजल एवं रोजगार से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को CDO के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान अमित कुमार, निवासी रोहलकी किशनपुर ने राजमार्ग कलियर से बिहारीगढ़ जाने वाले संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि लगभग तीन किलोमीटर लंबी यह सड़क मजाहिदपुर सतीवाला से कुड़कावाला तक पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर CDO ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत बिशनपुर कुंडी के ग्राम प्रधान सन्नी कुमार ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य अधूरा होने तथा पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों को ठीक न कराए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि अधूरा निर्माण कार्य ग्रामीणों की परेशानी का कारण बन रहा है। इस विषय में CDO ने संबंधित विभाग को जल्द कार्य पूर्ण कराने और सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
वहीं दीपक कुमार ने अपनी नौकरी से संबंधित समस्या रखी, जबकि सीताराम पुत्र समय सिंह, निवासी कोटा मुरादनगर ने बताया कि उनके घर जाने का एकमात्र रास्ता पड़ोसी द्वारा अवरुद्ध कर दिया गया है। इस पर CDO ने राजस्व विभाग को मौके की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही CDO ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों में L1 स्तर पर 458 तथा L2 स्तर पर 109 शिकायतें अभी लंबित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का निस्तारण 36 दिनों के भीतर नहीं हुआ है, उनका तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क कर उनकी समस्या की जानकारी ली जाए और समाधान की सूचना दी जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, अपर निदेशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं दूर-दराज से आए फरियादी मौजूद रहे।
