धोखे से शादी और उत्पीड़न का दावा
सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला राठौर ने ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उर्मिला का दावा है कि पूर्व विधायक ने उनसे धोखे से शादी की और फिर उनका मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न किया।
उन्होंने मीडिया के सामने अपने दावों को पुख्ता करने के लिए कई निजी प्रमाण भी प्रस्तुत किए। उर्मिला ने जोर देकर कहा कि ये कोई AI-जनरेटेड तस्वीरें नहीं, बल्कि असली सबूत हैं।
पेश किए गए सबूत
- करवाचौथ मनाते हुए तस्वीरें
- महाकाल दर्शन के दौरान खींची गई फोटो
- गिटार के साथ ली गई तस्वीरें
- अखबारों की पुरानी कटिंग
उर्मिला ने बताया कि उन्होंने पहले सहारनपुर में प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था, जिसे अब हरिद्वार ट्रांसफर कर दिया गया है। इस मामले की जांच पहले सीओ बुग्गावाला और अब सीओ भगवानपुर कर रहे हैं। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि वह अंत में क्या चाहती हैं, तो वह इसका स्पष्ट जवाब नहीं दे पाईं।
झूठ बोलकर की शादी, हत्या की साजिश का भी आरोप
अभिनेत्री ने दावा किया, “सुरेश राठौर ने मुझे बताया था कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। उन्होंने झूठ बोलकर मुझसे शादी की, उस समय मैं डिप्रेशन से गुजर रही थी।” उर्मिला ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व विधायक ने चार बार उनकी हत्या की साजिश भी रची।
उर्मिला राठौर ने विधायक की कथित पत्नी द्वारा हाल ही में की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी जिक्र किया, जिसमें उनके खिलाफ गलत बयानबाजी की गई थी। उन्होंने कहा, “एक सादे कागज पर लिखा सुसाइड नोट दिखाकर मुझे बदनाम करने की कोशिश की गई।”
“यह पति, पत्नी और सत्ता का खेल है”
विधायक की पत्नी द्वारा उन पर पांच पति होने के आरोप को खारिज करते हुए उर्मिला ने कहा कि उनका एकमात्र पति सुरेश राठौर ही है। उन्होंने कहा, “मैं विवाद नहीं चाहती, लेकिन जब तक अदालत हमारे विवाह को कानूनी मान्यता नहीं देती, मैं विधायक के साथ रहने को तैयार नहीं हूं।”
उर्मिला ने इस पूरे विवाद को “पति, पत्नी और सत्ता का खेल” बताया। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा, “विधायक ने कहा कि मैं ज्वालापुर का बाप हूं, तो मैंने कहा कि मैं तुम्हारी मां हूं।” उन्होंने सुरेश राठौर को धर्म के नाम पर कलंक बताते हुए अपनी बात दोहराई कि कानूनी विवाह के बिना वह उनके साथ नहीं रहेंगी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
