सददाम हुसैन।
अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में आयोजित सहकारिता मेला लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 2 दिसंबर से 8 दिसंबर 2025 तक चलने वाले इस सप्ताहभर के महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी और सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अनुपम रावत, विधायक हरिद्वार ग्रामीण, प्रदीप चौधरी, पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक हरिद्वार, और महावीर सिंह रावत, पूर्व सभापति पथरी समिति उपस्थित रहे। इसके साथ ही विशिष्ट सहकारी गणों में अनिल चौधरी और कंवर आलम ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जिला सहायक निबंधक हरिद्वार तथा जिला सहकारी बैंक के सचिव/महाप्रबंधक द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दिनभर चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अचीवर होम पब्लिक स्कूल, हरे राम आर्य इंटर कॉलेज, तथा राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कनखल के छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। मेले के दौरान चित्रकला, वाद-विवाद, रस्सा-कशी और विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सचिव/महाप्रबंधक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मेले में स्थापित सरकारी विभागों, स्वयं सहायता समूहों और संस्थाओं के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनमें पारंपरिक उत्पाद, घरेलू हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजन और विविध खाद्य पदार्थों के फूड स्टॉल शामिल हैं, जो आगंतुकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। बच्चों के लिए लगाए गए झूले और मनोरंजन गतिविधियाँ मेले की रौनक में चार चांद लगा रही हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला सहायक निबंधक हरिद्वार मोनिका चुनेरा तथा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार के सचिव/महाप्रबंधक श्री सौ सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
