हरिद्वार। सददाम हुसैन।
ईसीएल 2.0 एरा चैंपियंस लीग का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर खेल, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति का परिचय दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि इं. रवि बहादुर (माननीय विधायक, ज्वालापुर) ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह जीवन को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार होते हैं और आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती दीपिका बहादुर (पूर्व पार्षद, हरिद्वार) ने कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। खेलकूद बच्चों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों की मेहनत और लगन की सराहना की।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव अफाक अली ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को संघर्ष करना और टीम भावना के साथ आगे बढ़ना सिखाती हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व दिए जाने पर जोर दिया। वरिष्ठ समाजसेवी राव काशिफ अली ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं, क्योंकि इससे बच्चों की छिपी प्रतिभा सामने आती है।
ग्राम प्रधान सलेमपुर मेहदूद मोहित पाटिल ने बच्चों को निरंतर अभ्यास, संयम और परिश्रम का महत्व समझाया। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता फरमान अली ने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और नियमों का पालन है, जो जीवन में भी सफलता दिलाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कोच रूपिन यादव ने की। उन्होंने ईसीएल 2.0 एरा चैंपियंस लीग को बच्चों के लिए एक सशक्त मंच बताते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत किया है।
समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते समय बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों, कोचों और स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय के प्रबंधक शफात राव ने घोषणा की कि आने वाले वर्ष में इंटर स्कूल स्पोर्ट्स मीट का आयोजन और भी बड़े स्तर पर किया जाएगा। समारोह उत्साह, उमंग और भविष्य में और भव्य खेल आयोजनों की घोषणा के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *