हरिद्वार। सददाम हुसैन।
नववर्ष 2026 के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रदेश एवं जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने मां गंगा से प्रार्थना करते हुए कहा कि यह नूतन वर्ष सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उन्नति के नए अवसर लेकर आए। उन्होंने कामना की कि नया वर्ष जनपदवासियों के लिए खुशहाली और सफलता का संदेशवाहक बने।
जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि जनपद की उन्नति और प्रगति सभी के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करे, ताकि जनपद हरिद्वार विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रह सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनपद हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर है। यदि सभी नागरिक इसमें अपना सहयोग दें, तो हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर जनपद के रूप में विकसित किया जा सकता है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नववर्ष पर जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे यह संकल्प लें कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखेंगे और जनपद को साफ-सुथरा रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को एक स्वच्छ, सुंदर और मॉडल जनपद बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
