हरिद्वार। सददाम हुसैन।
धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं क्लीन मॉडल जनपद के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में सीसीआर सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें गैर सरकारी संस्थाओं, सिडकुल प्रबंधन, व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में हरिद्वार को न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का स्वच्छ एवं सुंदर जनपद बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि विगत एक माह से अधिक समय से जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सभी सरकारी विभागों द्वारा लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल हो सकता है जब इसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि नव वर्ष के अवसर पर 1 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक जनपद में “महा स्वच्छता अभियान” चलाया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी संगठनों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए गए। अधिकारियों ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें अभियान में शामिल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ भी दिलाई गई।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने भी स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए अपने विचार रखे। मीडिया प्रतिनिधियों ने भी धर्मनगरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, एसएनए रुड़की अमरजीत कौर, आरएम सिडकुल कमल किशोर, शांतिकुंज से वासुदेव, सेवा भारती जिला अध्यक्ष संजय जैन, जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव नैय्यर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *