ज्वालापुर पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज में प्रतिबंधित चाईनीज मांझे को लेकर एक जनजागरुकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने छात्रों और आम नागरिकों को चाइनीज मांझे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने लोगों से चाइनीज मांझा न खरीदने और इसकी बिक्री करने वालों की सूचना देने की अपील की। चाईनीज मांझे पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ज्वालापुर पुलिस ने स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं नागरिकों को चाईनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए इसके इस्तेमाल के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
खतरनाक प्रभाव और पुलिस की अपील
लगातार चाईनीज मांझे के इस्तेमाल के कारण वाहन चालकों के साथ आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि वे बच्चों को भी पतंग उड़ाने में चाईनीज मांझे का इस्तेमाल न करने दें। यह मांझा आकाश में उड़ रहे पक्षियों के लिए भी अत्यंत खतरनाक है।
कोतवाली प्रभारी कुन्दन सिंह राणा ने कहा कि पुलिस लगातार प्रतिबंधित चाईनीज मांझे को जब्त करने का काम भी कर रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि वे ऐसे दुकानदारों को चिन्हित करें जो प्रतिबंधित चाईनीज मांझे की बिक्री कर रहे हैं और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें ताकि इस पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जनप्रतिनिधियों का समर्थन
भाजपा पार्षद अनुज सिंह ने कहा कि चाईनीज मांझा खतरनाक एवं जानलेवा बन चुका है। उन्होंने कहा, “आकाश में उड़ रहे बेजुबान पक्षियों को भी इस मांझे के कारण नुकसान होता है। इसका इस्तेमाल किसी भी सूरत में नहीं करना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि जन जागरूकता से ही चाईनीज मांझे पर रोक लग सकती है और पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान निश्चित रूप से लोगों को जागरूक करेगा।
अभियान में उपस्थित गणमान्य
इस जन जागरूकता अभियान के अवसर पर कई लोग मौजूद रहे, जिनमें शामिल हैं:
- एसआई समीप पाण्डे
- कांस्टेबल अमित गौड
- कांस्टेबल संजय रावत
- कांस्टेबल सुनील शर्मा
- स्थानीय पार्षद, प्रधानाचार्य और अन्य जन प्रतिनिधि
