हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी सेनानी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर फैल गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जनपद हरिद्वार के सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश रखने के आदेश जारी किए।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई: सीएम धामी का विशेष संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने खड़खड़ी श्मशान घाट पहुंचकर दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा अंतिम विदाई दी। खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका दाह संस्कार किया गया। इस दौरान दिवंगत नेता को गार्ड ऑफ ऑनर एवं अंतिम सलामी दी गई। दोपहर लगभग 02 बजे उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जिसमें उनके पुत्र श्री ललित भट्ट ने मुखाग्नि दी।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब: दूर-दराज से पहुंचे लोग

इससे पूर्व खड़खड़ी स्थित उनके निवास से शुरू हुई शव यात्रा में भारी संख्या में जनसैलाब उमड़ा। राज्य के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने प्रिय नेता दिवाकर भट्ट के अंतिम दर्शन किए और उन्हें अश्रुपूरित विदाई दी। शव यात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, व्यापारिक संगठनों एवं आम जनता की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जो उनके जनप्रिय नेता होने का प्रमाण है।

दिग्गज नेताओं और अधिकारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा में अनेक वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने दिवाकर भट्ट के जीवन और उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर, लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद, खानपुर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह पंवार, गणेश गोदियाल, यूकेडी अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, पूर्व यूकेडी अध्यक्ष काशी सिंह एरी, पूर्व दर्जाधारी मंत्री महेंद्र प्रताप सहित अनेक प्रमुख नेता उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि देने वालों में प्रशासनिक अधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर दिवाकर भट्ट की आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

दिवाकर भट्ट: उत्तराखंड राज्य आंदोलन के एक जननायक का अतुलनीय योगदान

दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं में से एक थे। उन्होंने राज्य निर्माण के संघर्ष में अग्रणी रूप से भाग लिया और बाद में कैबिनेट मंत्री के रूप में कई जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में योगदान दिया। वे सरल, कर्मठ और जनप्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे, जिनकी कमी उत्तराखंड हमेशा महसूस करेगा। उनका जीवन और योगदान भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *