सददाम हुसैन।

हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं रजत जयंती सप्ताह के अवसर पर आज जनपद हरिद्वार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में राज्य आंदोलन में भाग लेने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला और शॉल भेंटकर सम्मानित किया तथा राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण हजारों आंदोलनकारियों के बलिदान और मातृशक्ति के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि “हम यह नहीं भूल सकते कि खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहे जैसी घटनाओं में आंदोलनकारियों ने जो कुर्बानियां दीं, वही इस राज्य की नींव बनीं।” उन्होंने भावुक होकर कहा कि खटीमा गोलीकांड में 7 और मसूरी गोलीकांड में 6 लोग शहीद हुए, वहीं रामपुर तिराहा कांड में हुई बर्बरता आज भी हमारी स्मृतियों में अमिट है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड आज निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं—जिनमें समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून, भू-कानून जैसे सुधार शामिल हैं। इसके साथ ही 26 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जो सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डॉ. सैनी ने कहा कि “सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने और उत्तराखंड को एक विकसित, आत्मनिर्भर व समृद्ध राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि और वीरभूमि है, जहां के सैनिक सीमाओं पर देश की रक्षा कर रहे हैं, और यहां की मातृशक्ति विकास की नई कहानी लिख रही है।
इस अवसर पर ग्रामोत्थान रीप परियोजना, उत्तराखंड ग्राम्य विकास समिति एवं ग्राम्य विकास विभाग की ओर से 7 सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) को कुल ₹52 लाख 33 हजार के चेक वितरित किए गए। यह राशि महिला स्वयं सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए दी गई, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान अनूप जलोटा के शिष्य कुणाल धवन और उनकी टीम ने भक्ति संगीत प्रस्तुत कर माहौल को भावनात्मक बना दिया। साथ ही सूचना विभाग के सांस्कृतिक दल तथा डीपीएस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक और देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं, जिनमें “वंदे मातरम्” की प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन नरेश चौधरी ने किया। समारोह में जिले के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और राज्य आंदोलनकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, हरिद्वार मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री सुनील सैनी, ओम प्रकाश जमदग्नि, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एसपी देहात शेखर सुयाल, तहसीलदार सचिन कुमार, राजीव भट्ट, वासु पाराशर, सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *