(सददाम हुसैन)

हरिद्वार। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला स्वरोजगार प्रोत्साहन एवं अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य जिले में रोजगार के अवसरों को बढ़ाना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ना रहा।

बैठक का संचालन समिति के सदस्य-संयोजक एवं महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार द्वारा किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न रेखीय विभागों—कृषि, उद्यान, सेवायोजन, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य, बाल विकास, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, पर्यटन, जिला ग्रामोद्योग, उरेडा, नगर निकाय तथा जिला अग्रणी बैंक के प्रतिनिधियों—ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को अधिक सक्रियता के साथ धरातल पर लागू करें, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं में व्यापक संभावनाएँ मौजूद हैं, जिन्हें प्रभावी कार्ययोजना बनाकर युवाओं तक पहुंचाना आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 दिसंबर 2025 तक स्वरोजगार सृजन के सभी निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि विभाग लाभार्थियों की पहचान, दस्तावेजीकरण, ऋण उपलब्धता, प्रशिक्षण तथा मार्केट लिंक जैसे सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दें, जिससे स्वरोजगार योजनाओं की सफलता और व्यापक हो सके।

बैठक में यह भी चर्चा हुई कि जिले में कृषि आधारित लघु उद्यम, डेयरी यूनिट, पीएमएफएमई (एक जिला–एक उत्पाद), पर्यटन गतिविधियों, स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प, ग्रामीण उद्योग, मत्स्य पालन तथा स्टार्ट-अप के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं, जिन्हें बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को गति दी जा सकती है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया, परियोजना अधिकारी उरेडा वाई.एस. बिष्ट, बैंक प्रतिनिधियों सहित सभी विभागों के जिला समन्वयक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *