हरिद्वार सददाम हुसैन।
अंग्रेजी दवाइयों के नशे के रूप में हो रहे दुरुपयोग की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एफडीए प्रशासन ने जनपद हरिद्वार में सख्त कार्रवाई की है। एफडीए के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दिनांक 30 दिसंबर 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह एवं ड्रग इंस्पेक्टर मेघा द्वारा M/s सुपर मेडिकोज का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ बरामद की गईं। इसके साथ ही दवाओं के रखरखाव, बिक्री एवं अभिलेखों में कई गंभीर अनियमितताएँ भी पाई गईं। जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर विभागीय टीम ने तत्काल प्रभाव से मेडिकल स्टोर को मौके पर ही सील कर दिया। मामले में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एफडीए प्रशासन का कहना है कि युवाओं में नशीली दवाइयों के बढ़ते दुरुपयोग को रोकना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में माननीय अपर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने समस्त केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन को निर्देश दिए हैं कि नारकोटिक और साइकोट्रोपिक दवाइयों का विक्रय केवल वैध चिकित्सकीय पर्चे पर ही किया जाए। साथ ही ऐसी दवाओं का समुचित, पारदर्शी और अद्यतन रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से रखा जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
