(सददाम हुसैन।)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पत्रकारों के कल्याण और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने के निर्देशों के क्रम में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष (कॉर्पस फंड) तथा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से जुड़ी समितियों की महत्वपूर्ण बैठक सूचना निदेशालय में सम्पन्न हुई। बैठक में पत्रकार समाज की सहायता व सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।
समिति द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों की समीक्षा के बाद पत्रकार कल्याण कोष से 15 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की संस्तुति की गई। यह निर्णय आर्थिक संकट से जूझ रहे पत्रकार परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। साथ ही गंभीर बीमारी से पीड़ित दो पत्रकारों को भी उनके उपचार हेतु 5-5 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करने की संस्तुति समिति द्वारा की गई।
पत्रकारों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए चार वरिष्ठ पत्रकारों को मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन प्रदान किए जाने की संस्तुति की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक पत्रकार को प्रतिमाह आठ हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। यह योजना उन वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है, जिन्होंने लंबे समय तक अपने लेखन और सार्थक पत्रकारिता के माध्यम से समाज व राज्य का मार्गदर्शन किया है।
बैठक में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त पत्रकारों, उनके आश्रितों और वरिष्ठ पत्रकारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से समितियों की बैठकें आयोजित की जाती हैं ताकि प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
सूचना महानिदेशक ने कहा कि पत्रकार समाज लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और राज्य सरकार द्वारा उनके हितों की रक्षा एवं सहयोग के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी पत्रकारों के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह सहित समिति के सभी सदस्य—लक्ष्मण सिंह नेगी, गिरीश तिवारी, अमित शर्मा, और श्रीमती शशि शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *