सददाम हुसैन।
लक्सर में हाल ही में घटित गोलीकांड के गंभीर प्रकरण को लेकर हरिद्वार पुलिस ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। यह निर्णय घटना के हर पहलू की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने के उद्देश्य से लिया गया है।
एसएसपी हरिद्वार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गोलीकांड से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों और परिस्थितियों की निष्पक्ष, तथ्यपरक और समयबद्ध जांच की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की शंका या भ्रम की स्थिति न रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और पीड़ित को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस विशेष जांच टीम की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी नगर (हरिद्वार) एस.एस. नेगी को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में गठित SIT हर एंगल से मामले की जांच करेगी। टीम घटनास्थल से लेकर आरोपियों की भूमिका, हथियारों की बरामदगी, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित सभी पहलुओं की गहन पड़ताल करेगी।
गठित SIT में अनुभवी अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनमें उप निरीक्षक मनोज नौटियाल (थानाध्यक्ष पथरी), उप निरीक्षक अंकुर शर्मा (थानाध्यक्ष बहादराबाद), उप निरीक्षक विपिन कुमार (कोतवाली लक्सर), हेड कांस्टेबल विनोद कुंडलिया (कोतवाली लक्सर) तथा कांस्टेबल महिपाल (CIU यूनिट रुड़की) शामिल हैं। टीम को निर्देशित किया गया है कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
