सददाम हुसैन सम्पादक
हरिद्वार। रानीपुर क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरियों पर हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। गिरोह का नेटवर्क अंतरराज्यीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ पाया गया है, जो चोरी की गाड़ियों को नेपाल तक सप्लाई करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से रानीपुर, ज्वालापुर और सिडकुल क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इनमें शिवालिक नगर, बैरियर नंबर 6 और सेक्टर-4 पीठ बाजार से दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वाहन चोरी की इस श्रृंखला को किसी भी हाल में रोका जाए। इसके बाद कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।
टीम ने घटनास्थलों का गहन निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ के बाद संदिग्धों की पहचान की। 23 नवंबर 2025 को गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने न्यू शिवालिक नगर, टिहरी विस्थापित रपटे के पास चैकिंग के दौरान दो संदिग्धों सुमित चौहान और अजीजुर्रहमान उर्फ रहमान मलिक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से दो चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे मास्टर-की की मदद से बाइक चोरी करते थे। जहां भी बाइक लॉक में चाबी लगी मिल जाती थी, वहीं से उसे कुछ ही मिनटों में गायब कर देते थे। चोरी के बाद ये वाहन मुरादाबाद होते हुए खटीमा के रास्ते नेपाल ले जाए जाते थे, जहां इन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। नेपाल में इनकी बिक्री के लिए एक अलग नेटवर्क और बाजार मौजूद था, जहां चोरी की गाड़ियों की अच्छी कीमत मिलती थी।
आरोपियों की निशानदेही पर ज्वालापुर क्षेत्र में स्थित एक खंडहर भवन में छापा मारकर 8 अन्य चोरी की बाइक व स्कूटी भी बरामद की गईं। इनमें रानीपुर, ज्वालापुर और सिडकुल क्षेत्र से चोरी किए गए कई वाहन शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों ने रानीपुर क्षेत्र से चोरी की गई दो बुलेट मोटरसाइकिल नेपाल सीमा पर छिपाकर रखने की भी बात स्वीकार की है, जिनकी बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी सुमित चौहान पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और वर्तमान में नवोदय नगर में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी अजीजुर्रहमान उर्फ रहमान मलिक रामपुर का निवासी है।
